StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बारिश का दौर जारी, बिहार-यूपी में बाढ़ से हालात गंभीर

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर जारी है। महाराष्ट्र के मुंबई और वसई-विरार में रात से हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। सायन के प्रतीक्षा नगर और छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास पानी भर गया। नालासोपारा में सेंटर पार्क और तुलिंज ब्रिज समेत कई सड़कें भी जलमग्न हो गईं।

बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 15 जिलों में करीब 48.22 लाख लोग प्रभावित हैं। गंगा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। भागलपुर में श्मशान घाट डूबने के कारण सड़क किनारे अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। सुल्तानगंज में श्मशान घाट पानी से घिरकर टापू बन गया है। वहीं दानापुर में लोगों को कंधे तक पानी में उतरकर राशन लेने जाना पड़ रहा है।

ओडिशा में 804 मिमी बारिश, सड़क-पुल डूबे

ओडिशा में कम दबाव के क्षेत्र के चलते लगातार बारिश हो रही है। कई जगह सड़कें और पुल पानी में डूब गए हैं। मलकानगिरी सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 24 घंटे में 804 मिमी बारिश दर्ज की गई।

हिमाचल में भूस्खलन, दर्जनों देवदार गिरे

हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित फांचा कांडे इलाके में बारिश के दौरान जंगल का एक हिस्सा धंस गया। इससे दर्जनों देवदार के पेड़ गिर गए। मौसम विभाग ने राज्य में 18 सितंबर तक बारिश का अनुमान जताया है। इस मानसून सीजन में हिमाचल में 296 लोगों की मौत और 520 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।

MP में 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में मानसूनी सिस्टम सक्रिय है। इंदौर, धार, बड़वानी, रतलाम और भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई है। सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया। मौसम केंद्र के मुताबिक रविवार को 18 जिलों में भारी या अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में 26 जिले बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश में 26 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और करीब 4 लाख लोग इसकी चपेट में हैं। गंगा, घाघरा और सरयू समेत कई नदियां उफान पर हैं। पीलीभीत में शारदा नदी का कटान तेज हो गया है।

राजस्थान में भी रविवार को 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं पंजाब में 13 से 17 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। हरियाणा में भी 18 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button