StateNewsदेश - विदेश

दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश; तमिलनाडु-केरल में तेज बारिश, पहाड़ी राज्यों में मौसम बदलेगा

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 8 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की संभावना है।

दिल्ली-NCR में 8 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। IMD के अनुसार दिल्ली में तापमान करीब 34 डिग्री अधिकतम और 23 डिग्री न्यूनतम रह सकता है। 9 अक्टूबर को यहां हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहने का अनुमान है।

UP-बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश

उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी मौसम अस्थिर रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान गिर सकता है।

बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बारिश

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है।

तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश

दक्षिण भारत में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। तमिलनाडु और केरल में 8 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश समेत मध्य भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। राजस्थान के कुछ इलाकों में भी मौसम में बदलाव के आसार हैं। इस दौरान स्थानीय स्तर पर तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 6 से 11 अक्टूबर के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। वहीं मानसून की वापसी के साथ उत्तर और मध्य भारत में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगेगा, जबकि दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में बारिश का असर कुछ समय और बना रह सकता है।

Related Articles

Back to top button