राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को देंगी स्वच्छता पुरस्कार

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों का चयन, पिछले साल भी तीनों शहरों को मिला था राष्ट्रीय सम्मान
रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में तीनों निकायों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करेंगी। कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहेंगे।
सफाई मित्रों की मेहनत से मिली राष्ट्रीय पहचान
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में प्रदेश के तीन शहरों ने राष्ट्रीय पुरस्कारों में जगह बनाई है। इस उपलब्धि के पीछे नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और आम नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना गया है। शहरों में नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता गतिविधियों के संचालन में इनकी भूमिका रही है।
इस बार सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर
इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसके जरिए स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास बनाने का संदेश दिया गया है। इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सफाई व्यवस्था में जनसहयोग को प्राथमिकता दी गई है।
खास बात यह है कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को पिछले साल भी स्वच्छता के लिए पुरस्कार मिला था। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयनित होने से प्रदेश के नगरीय निकायों की स्वच्छता गतिविधियां चर्चा में हैं।





