ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में पत्नी और 2 बच्चों की चाकू से हत्या: पति ने खुद पर भी किए वार, चरित्र पर शक की बात सामने आई

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई के साहू पारा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।

हमले में तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया। घायल आरोपी को अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है।

आरोपी की पहचान भुनेश्वर साहू (34) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला है और डूमरतराई में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। पुलिस की शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को वारदात की वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पहले पत्नी, फिर दोनों बच्चों पर हमला

पुलिस के मुताबिक, देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद भुनेश्वर ने कथित तौर पर पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने बेटे आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर भी वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हो गई।

तीनों पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार लिया। सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी घायल हालत में मिला, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी के होश में आने और पूछताछ के बाद वारदात की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी जुटाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button