ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मां-बाप को कुल्हाड़ी से काटा, लाश बोरे में बांधी: छोटे बेटे को ज्यादा तवज्जो देने से नाराज था आरोपी

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बेटे ने अपने माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर शव बोरे में बांधकर कमरे में छिपा दिया। हत्या के बाद आरोपी ने खून साफ किया और बदबू बाहर न फैले, इसलिए कमरे की ताजा गोबर से लिपाई कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे जदू यादव (34) को गिरफ्तार कर लिया है। मामला धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा का है।

पुलिस के मुताबिक जदू की शादी नहीं हुई थी। वह अपने माता-पिता हीराधर यादव (55) और गुलाबी यादव (50) के साथ पुराने घर में रहता था। जदू खेती-किसानी करता था। उसका आरोप था कि माता-पिता उसकी शादी को लेकर ध्यान नहीं देते थे और छोटे बेटे मोहन को ज्यादा तवज्जो देते थे। इसी बात को लेकर वह अक्सर विवाद करता था।

छोटे बेटे के घर से सब्जी लाने पर हुआ विवाद

17 अगस्त की रात माता-पिता के छोटे बेटे के घर से सब्जी लेकर आने पर जदू का उनसे विवाद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि माता-पिता के सोने के बाद उसने गुस्से में कुल्हाड़ी से दोनों के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद जदू ने दोनों शवों को बोरे में बांधा और कमरे में रख दिया। खून के निशान साफ किए और कमरे की गोबर से लिपाई कर दी। इसके बाद घर में ताला लगाकर फरार हो गया।

छोटे बेटे ने खोला कमरे का ताला

17 अगस्त की सुबह छोटा बेटा मोहन पुराने घर पहुंचा। दोनों दरवाजे बाहर से बंद थे। माता-पिता और बड़े भाई के नहीं मिलने पर उसने कर्मचारी सुकृत नागेश के साथ तलाश शुरू की। बाद में घर के एक कमरे में ताला मिला। ताला तोड़ने पर दोनों के शव बोरे में बंद मिले।

सूचना पर पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। दीवार पर खून के छींटे और ताजा गोबर की लिपाई देखकर पुलिस का शक जदू पर गया। मोबाइल बंद होने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। चार दिन बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया गया।

Related Articles

Back to top button