ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पैडी ट्रांसप्लांटर से भरदाकला के किसानों को राहत, कम समय में हो रही धान की बेहतर रोपाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में किसानों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती अब अधिक वैज्ञानिक, समयबद्ध और कम लागत वाली होती जा रही है। इसी बदलाव की एक मिसाल बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम भरदाकला में देखने को मिल रही है, जहां किसान और सरपंच क्रांति भूषण साहू ने पैडी ट्रांसप्लांटर (धान रोपाई मशीन) का उपयोग कर धान की रोपाई को आसान बना दिया है।

करीब 35 से 40 एकड़ भूमि में खेती करने वाले श्री साहू ने इस वर्ष 10 से 12 एकड़ क्षेत्र में पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन के माध्यम से धान की रोपाई कराई। उन्होंने बताया कि पारंपरिक तरीके से मजदूरों के सहारे धान रोपाई में 20 से 25 दिन तक का समय लग जाता था। वहीं मशीन की मदद से यह कार्य कम समय में अधिक व्यवस्थित और सटीक तरीके से पूरा हो गया।

पैडी ट्रांसप्लांटर से पौधों की रोपाई निश्चित दूरी और सीधी कतारों में होती है। इससे पौधों को पर्याप्त स्थान मिलता है और फसल का विकास बेहतर होता है। इसके अलावा आगे चलकर निंदाई-गुड़ाई और अन्य कृषि कार्यों में भी सुविधा होती है। मशीन के उपयोग से किसानों को समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

किसान क्रांति भूषण साहू ने बताया कि खेती के सीजन में मजदूरों की कमी बड़ी समस्या बन जाती है। ऐसे में आधुनिक कृषि यंत्र किसानों के लिए काफी मददगार साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैडी ट्रांसप्लांटर के लिए ट्रे आधारित नर्सरी तैयार करने में शुरुआती खर्च जरूर आता है, लेकिन बड़े क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों के लिए यह तकनीक लंबे समय में अधिक लाभकारी है।

उन्होंने अन्य किसानों से भी कृषि में मशीनों और नई तकनीकों को अपनाने की अपील की। उनका कहना है कि भविष्य में श्रमिकों की कमी और समय पर खेती पूरी करने की जरूरत को देखते हुए कृषि मशीनीकरण बेहद जरूरी है।

कृषि विभाग के मार्गदर्शन से क्षेत्र के अन्य किसान भी पैडी ट्रांसप्लांटर तकनीक को समझने और अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं। इससे समय पर रोपाई, बेहतर फसल प्रबंधन और उत्पादन बढ़ने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।

Related Articles

Back to top button