ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना: बालोद की महिलाओं को मिली 29वीं किस्त, आर्थिक मजबूती का बना सहारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने योजना की 29वीं किस्त की राशि प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे अंतरित की।

राशि प्राप्त होने के बाद बालोद जिले की लाभार्थी महिलाओं में खुशी का माहौल है। महिलाओं ने इस योजना को आर्थिक संबल देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

बालोद जिले के विभिन्न गांवों की महिलाओं का कहना है कि महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली राशि उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मददगार साबित हो रही है।

इस राशि का उपयोग महिलाएं बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू आवश्यकताओं और छोटे स्वरोजगार से जुड़े कार्यों में कर रही हैं। योजना ने महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बनाया है।

ग्राम बघमरा की देवकी विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें 29वीं किस्त की राशि प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग वह घर के दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों की खरीद और सिलाई-कढ़ाई के काम में करती हैं।

उनके अनुसार, नियमित आर्थिक सहायता मिलने से परिवार की कई जरूरतें आसानी से पूरी हो जाती हैं।

वहीं ग्राम जगन्नाथपुर की जामवंती विश्वकर्मा ने बताया कि हर महीने मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बन गई है।

उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

ग्राम ओरमा की राधिका सोनवानी ने बताया कि योजना की राशि से वह अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा करने में सक्षम हो पा रही हैं, जिससे परिवार पर आर्थिक दबाव कम हुआ है।

लाभार्थी महिलाओं ने मोबाइल पर राशि प्राप्त होने का संदेश दिखाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

महिलाओं का कहना है कि यह सहायता उन्हें परिवार की जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने और विपरीत परिस्थितियों में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मजबूत आधार प्रदान कर रही है।

Related Articles

Back to top button