ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

NSUI में नई नियुक्तियां, 9 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी: 4 विधानसभा और 5 जिलों में नए अध्यक्ष बनाए गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ NSUI ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 9 नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की अनुशंसा पर ये नियुक्तियां की हैं। इनमें 4 विधानसभा अध्यक्ष और 5 जिला अध्यक्ष शामिल हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

पाटन से कांकेर तक नई जिम्मेदारी

विधानसभा स्तर पर डेविड बघेल को पाटन, नंद कुमार नेताम को भानुप्रतापपुर, विक्रम मलिक को अंतागढ़ और नूतन पटेल को कांकेर विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं जिला स्तर पर दुष्यंत आर्या को मुंगेली, उस्मान रजा को बालोद, रोशन सिंह ठाकुर को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, रंजेश सिंह क्षत्री को बिलासपुर ग्रामीण और समर्थ मिरानी को बिलासपुर शहर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच नियुक्तियां

NSUI में यह संगठनात्मक बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। चुनाव प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर कार्यकर्ताओं की शिकायतों के बीच युवा कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी स्मृति रंजन लेंका ने 17 से 19 अगस्त तक छत्तीसगढ़ का दौरा किया था।

इस दौरान उन्होंने प्रभावित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनी थीं। हालांकि इसके बाद भी विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसी बीच NSUI में हुई नई नियुक्तियों को संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

छात्र हितों पर फोकस

नवनियुक्त पदाधिकारियों से NSUI की रीति-नीति और संविधान के अनुरूप काम करने की अपेक्षा की गई है। उन्हें छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।

इन नियुक्तियों के जरिए NSUI ने विधानसभा और जिला स्तर पर संगठन को नई मजबूती देने की कोशिश की है। आने वाले समय में नए अध्यक्षों के सामने छात्र समस्याओं को लेकर सक्रियता बढ़ाने और संगठन का विस्तार करने की चुनौती रहेगी।

Related Articles

Back to top button