ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: लैंडिंग के दौरान Alliance Air फ्लाइट का टायर फटा, सभी यात्री सुरक्षित

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासा दाई केंवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची Alliance Air की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान अचानक टायर फटने के बाद रनवे पर रुक गई। घटना के समय विमान में यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से उड़ान भरकर विमान शुक्रवार को बिलासपुर पहुंचा था। रनवे पर लैंडिंग के दौरान विमान के एक पहिए का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद पहिए का रॉड भी रनवे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते विमान को तत्काल रनवे से हटाना संभव नहीं हो सका।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारियों और संबंधित टीमों ने यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला। किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि अचानक हुई घटना से एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रनवे पर विमान फंसा, उड़ानें प्रभावित

विमान के रनवे पर रुक जाने के कारण एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हुआ। रनवे बाधित होने से दूसरी उड़ानों की आवाजाही पर असर पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, इस वजह से प्रयागराज की उड़ान रद्द करनी पड़ी।

विमान को रनवे से हटाने के लिए इंजीनियरों और तकनीकी टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। तकनीकी टीम विमान का निरीक्षण करने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से रनवे से हटाएगी।

हादसे की वजह की जांच होगी

फिलहाल टायर फटने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। तकनीकी टीम विमान की जांच करेगी। विमान को रनवे से हटाए जाने के बाद ही एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य होने की उम्मीद है। घटना के कारण यात्रियों को भी कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि लैंडिंग के दौरान टायर फटने के बावजूद विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।

Related Articles

Back to top button