Uncategorized

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के बच्चों ने मनाया रक्षाबंधन, राष्ट्रपति ने बांधी राखी; बोलीं- ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

पिथौरा। रक्षाबंधन के मौके पर छत्तीसगढ़ के पिथौरा के चार नन्हे विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार का दिन यादगार बन गया। रामदर्शन पब्लिक स्कूल के चार विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ रक्षाबंधन मनाया।

राष्ट्रपति ने बच्चों की कलाइयों पर राखी बांधी और उनसे आत्मीय बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रपति के मुंह से निकले शब्द ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ ने बच्चों और उनके साथ गए लोगों का उत्साह बढ़ा दिया।

राष्ट्रपति भवन पहुंचने वाले विद्यार्थियों में आदित्य शर्मा, नितेश साहू, पुष्पराज ध्रुव और जयश बरिहा शामिल रहे। उनके साथ स्कूल के प्रिंसिपल जोगिंद्र मेहर भी मौजूद थे। पिथौरा से राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना स्कूल और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

राष्ट्रपति ने पूछा- कहां से आए हो?

रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों से आत्मीयता से पूछा कि वे कहां से आए हैं। बच्चों ने गर्व के साथ जवाब दिया- ‘छत्तीसगढ़।’ बच्चों का जवाब सुनकर राष्ट्रपति मुस्कुराईं और उन्होंने कहा- ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।’ इस दौरान बच्चों ने राष्ट्रपति के साथ रक्षाबंधन मनाया और उनके सानिध्य का अनुभव लिया।

चार साल पहले शुरू हुआ स्कूल

स्कूल प्रबंधन के अनुसार रामदर्शन पब्लिक स्कूल की शुरुआत पिथौरा में करीब चार वर्ष पहले हुई थी। इतने कम समय में स्कूल के विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिलना बड़ी उपलब्धि है। इससे पिथौरा के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा है।

राष्ट्रपति भवन में बिताया यह पल चारों विद्यार्थियों के लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव बन गया। स्थानीय स्तर पर भी इसे क्षेत्र की गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button