ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नक्सलियों का डंप बरामद: जंगल से रायफल और 49 जिंदा कारतूस मिले, सर्च ऑपरेशन जारी

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है।

जिले के बोधराज पाड़र के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का छिपाया गया हथियारों का डंप बरामद किया गया।

कार्रवाई में एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 49 जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराज पाड़र के जंगलों में रवाना किया गया था।

सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सलियों ने हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखी है।

सूचना के आधार पर जवानों ने जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद हुआ।

डंप से एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस तथा एक एल्यूमिनियम कंटेनर बरामद किया गया।

पुलिस का मानना है कि नक्सलियों ने भविष्य में किसी वारदात को अंजाम देने या सुरक्षा बलों पर हमला करने की मंशा से इन हथियारों और कारतूसों को जंगल में छिपाकर रखा था।

समय रहते डंप बरामद होने से नक्सलियों की साजिश नाकाम हो गई।

सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई।

सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और उनके ठिकानों, हथियारों तथा लॉजिस्टिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सुरक्षा बलों की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button