ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खेल-खेल में गई मासूम की जान: गमछे से दम घुटने पर 10 साल की बच्ची की मौत

कोरबा। कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय गमछा गले में फंसने से 10 वर्षीय बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय रोमा राज मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रह रहा था। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। परिजनों के मुताबिक, वह पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए इस तरह मजाक किया करती थी।

बताया जा रहा है कि इस बार खेल-खेल में गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा। जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी और वे उसे बचाने पहुंचे, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को घर में अकेले इस तरह के जोखिम भरे खेल न खेलने दें। विशेषज्ञों का भी कहना है कि बच्चों की हर गतिविधि पर नजर रखना और उन्हें ऐसे खतरनाक खेलों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button