ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बुक डिपो में भीषण आग: शटर तोड़कर बुझाई लपटें, लाखों की किताबें और स्टेशनरी जलकर राख

जगदलपुर। शहर के अनुपमा चौक के पास स्थित एक बुक डिपो में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के भीतर रखी बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां और स्टेशनरी सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दुकान के भीतर से तेज धुआं और आग की लपटें निकलने के कारण दमकल कर्मियों को अंदर पहुंचने में काफी परेशानी हुई।

आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को लगाया गया। जब शटर खोलना संभव नहीं हुआ तो जेसीबी मशीन की मदद से दुकान का शटर तोड़ा गया। इसके बाद दमकल कर्मी अंदर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत कार्य के दौरान आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।

आग से दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। किताबें, कॉपियां, कागज और अन्य स्टेशनरी सामग्री पूरी तरह राख हो गई। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का सही आकलन आग बुझने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Related Articles

Back to top button