ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

61 लाख के साइबर फ्रॉड में राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार, किराए के बैंक खातों से रकम का लेन-देन

जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले में 61 लाख 6 हजार 592 रुपए के ऑनलाइन साइबर फ्रॉड मामले में पुलिस ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खातों को किराए पर लिया जाता था। इसके बाद रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर उसके स्रोत और लेन-देन को छिपाने का प्रयास किया जाता था। इस मामले में अब तक 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश (31) निवासी श्री कृष्ण नगर, चौकी लक्ष्मण नगर, थाना भोजासर, जिला फलोदी (राजस्थान) के रूप में हुई है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में उसकी तलाश की और उसे गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर दंतेवाड़ा लाने के बाद 30 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।

61.06 लाख की ठगी की जांच में सामने आया नाम

हारमपारा गीदम निवासी भूपेंद्र तेलामी (44) की शिकायत पर ऑनलाइन साइबर फ्रॉड का मामला दर्ज किया गया था। गीदम थाने में अपराध क्रमांक 27/2025 के तहत BNS की धारा 318(4), 111(1)(3) और IT एक्ट की धारा 66D में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन से खुला नेटवर्क

पुलिस ने जांच के दौरान बैंक खातों में हुए वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया। साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन और उससे जुड़े खातों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान राजस्थान के आरोपी दिनेश की भूमिका सामने आई।

क्रिप्टोकरेंसी में बदलते थे रकम

पुलिस के अनुसार आरोपी किराए पर लिए गए बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। बाद में इस रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने की कोशिश की जाती थी, जिससे पैसों के वास्तविक स्रोत को छिपाया जा सके।

SDOP आकांक्षा पांडेय ने बताया कि मामले में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य जुड़े लोगों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button