ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अंबिकापुर में राज्यस्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता शुरू, 5 संभागों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया शुभारंभ; फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस के मुकाबले होंगे

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का गुरुवार को शुभारंभ हुआ।

शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल) मैदान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता की शुरुआत सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर की। इसमें बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन अच्छा खिलाड़ी वही है जो अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देते हैं।

चार खेलों में होंगे मुकाबले

चार दिवसीय स्पर्धा में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 19 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की फुटबॉल, 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की बास्केटबॉल तथा 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस स्पर्धाएं शामिल हैं।

आयोजन में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।

खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी और कलेक्टर अजीत वसंत सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। महापौर ने विद्यार्थियों से स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button