यासीन मलिक समेत 7 पर PMLA में आरोप तय: ED का दावा- पाकिस्तान से हवाला के जरिए आए 8.94 करोड़

दिल्ली। दिल्ली की स्पेशल NIA कोर्ट ने अलगाववादी नेता यासीन मलिक समेत 7 आरोपियों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध सामग्री से उनके विरुद्ध मजबूत संदेह बनता है। हालांकि, ये आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मुताबिक, आरोपियों ने पाकिस्तान और अन्य आतंकी संगठनों से अलग-अलग माध्यमों से रकम हासिल की। एजेंसी ने करीब ₹8.94 करोड़ की अपराध से अर्जित रकम जुटाने और उसे आरोपियों तक पहुंचाने का आरोप लगाया है।
मामले में यासीन मलिक के अलावा जहूर अहमद शाह वटाली, अब्दुल राशिद शेख, शबीर अहमद शाह, नवल किशोर कपूर, ट्रिसन फार्म्स एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और मसरत आलम भट आरोपी हैं। ED ने इस मामले में अपराध से अर्जित रकम की जांच के लिए 14 जून 2017 को शिकायत दर्ज की थी।
कश्मीर में हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों के लिए फंडिंग का आरोप
ED का आरोप है कि हवाला समेत अलग-अलग माध्यमों से पहुंचाई गई रकम का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों और हिंसा के लिए किया गया। एजेंसी के अनुसार, पाकिस्तान हाई कमीशन से हुर्रियत नेताओं तक भी रकम पहुंचाई गई थी।
कोर्ट ने NIA की दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट का भी उल्लेख किया। इसमें दावा किया गया है कि यासीन मलिक को सऊदी अरब से ₹15.75 लाख मिले थे। 30 सितंबर को सुरक्षा कारणों से कुछ आरोपियों को अदालत में पेश नहीं किया जा सका। मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होगी।
विदेशी फंडिंग से जुड़े दस्तावेज मिलने का दावा
ED के अनुसार, जहूर अहमद शाह वटाली के ठिकाने से जब्त दस्तावेजों में विदेशी फंडिंग से संबंधित जानकारी मिली थी। जांच एजेंसी का दावा है कि वित्त वर्ष 2015-16 के दौरान वटाली के जरिए यासीन मलिक, शबीर अहमद शाह और मसरत आलम तक विदेशी रकम पहुंची थी। एजेंसी के मुताबिक, यासीन मलिक ने कथित तौर पर अलगाववादी गतिविधियों के लिए देश-विदेश से फंड जुटाने का नेटवर्क तैयार किया था।
2022 में यासीन मलिक को उम्रकैद
यासीन मलिक 1980 के दशक के अंत में जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) से जुड़ा था। 1990 के दशक में घाटी में आतंकवाद बढ़ने के दौरान वह संगठन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहा। 1994 में उसने हथियार छोड़ने की घोषणा की और इसके बाद अलगाववादी राजनीति से जुड़ा रहा।
केंद्र सरकार ने फरवरी 2019 में JKLF पर UAPA के तहत प्रतिबंध लगाया था। मई 2022 में दिल्ली की NIA कोर्ट ने आतंकी फंडिंग से जुड़े मामले में यासीन मलिक को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।
मौजूदा मामले में अदालत का आरोप तय करने का आदेश मुकदमे की अगली कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। आरोपों पर अंतिम फैसला सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के मूल्यांकन के बाद होगा।





