ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान: चारों ब्लॉक में निकलेगी कलश यात्रा, डिप्टी सीएम साव ने दिए निर्देश

रायपुर। उप मुख्यमंत्री और बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने सोमवार को बेमेतरा जिला मुख्यालय में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों से प्रस्तावित कार्यक्रमों और अब तक की तैयारियों की जानकारी ली। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है। इसका उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के प्रति अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और सेवाभावी बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को सक्रिय भागीदारी के साथ निर्धारित गतिविधियों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

चारों ब्लॉक से निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा विकासखंडों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा ग्राम पंचायतों से होकर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश देगी। साव ने रूट चार्ट, सुरक्षा और जनभागीदारी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। यात्रा का समापन जिला मुख्यालय में होगा। यहां सभा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नाम संबोधन सुनने की व्यवस्था भी की जाएगी।

रंगोली और आंगन मिलन सेवा पर जोर

‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में रंगोली बनाई जाएगी। इसमें महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की अधिकतम भागीदारी पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

स्कूलों में रोज खेल पीरियड अनिवार्य

साव ने सभी स्कूलों में प्रतिदिन खेल पीरियड अनिवार्य करने और नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए खेल जरूरी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेमेतरा सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन में प्रदेश के लिए उदाहरण बनेगा।

Related Articles

Back to top button