ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में अवैध कब्जों पर निगम का बुलडोजर: प्रकाश होलसेल के सामने नाले का पाटा तोड़ा, 3 एकड़ की अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने मानसून के दौरान जलभराव और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की।

निगम की टीम ने पंडरी स्थित प्रकाश होलसेल मार्केट के सामने नाले पर किए गए अवैध कब्जे को जेसीबी से हटाया। वहीं सुखराम नगर में करीब 3 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाकर निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम के मुताबिक, पंडरी के दुर्गानगर क्षेत्र में प्रकाश साड़ी के संचालक मदन लोढ़ा ने दुकान के सामने नाले पर करीब 100 वर्गफीट का अवैध पाटा बना लिया था।

इससे नाले की सफाई प्रभावित हो रही थी और बारिश के दौरान दुर्गानगर बस्ती में जलभराव की समस्या बढ़ रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगम की टीम ने जेसीबी से अवैध निर्माण हटाकर नाले को मुक्त कराया।

इधर, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-1 नगर निवेश विभाग ने संत कबीर दास वार्ड-3 के सुखराम नगर में दो स्थानों पर चल रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की।

टीम ने जेसीबी से अवैध मुरम सड़क काट दी, प्लॉट तक पहुंचने वाले रास्ते बंद कर दिए और बनाई गई नींव को भी ध्वस्त कर दिया, ताकि अवैध कॉलोनी विकसित न हो सके।

नगर निगम ने संबंधित भूमि के वास्तविक मालिक की जानकारी के लिए रायपुर तहसीलदार को पत्र भेजा है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसी अभियान के तहत वीर शिवाजी वार्ड-16 के ब्रम्हदेईपारा में भी नाले के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। यहां बनी एक अवैध झोपड़ी को तोड़कर पानी की निकासी का रास्ता साफ किया गया।

नगर निगम का कहना है कि मानसून में जलभराव रोकने, अवैध प्लाटिंग पर अंकुश लगाने और बिना अनुमति किए गए कब्जों को हटाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button