देशभर में मानसून का कहर: गुजरात में 40 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित निकाले गए, असम में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 61 पहुंचा

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुजरात, असम, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई जगह बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राहत एवं बचाव एजेंसियों ने अब तक 40,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। हालात को देखते हुए अहमदाबाद में शनिवार को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने पर जम्मू-कश्मीर में सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं।
असम में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। राज्य के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां 7.05 लाख से अधिक लोग राहत शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं।
मध्य प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 30 जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। राजस्थान में भी कई इलाकों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
खराब मौसम के कारण छह दिनों तक स्थगित रही अमरनाथ यात्रा शनिवार से फिर शुरू हो गई। उधर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि बिहार के 16 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।





