देशभर में मानसून का कहर: यूपी में बाढ़, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, असम में 95 मौतें; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मानसूनी बारिश अब राहत के बजाय आफत बनती जा रही है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा और सरयू नदी उफान पर हैं। फर्रुखाबाद के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में गंगा का पानी घुस गया है। बलिया में बीते एक सप्ताह में सरयू नदी के कटाव से 27 घर नदी में समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 40 से 50 छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। वहीं प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के बीच 100 साल पुराना मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई।
उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ हाईवे पर मलबा आने से कई वाहन फंस गए, जबकि चमोली के हेलंग के पास लैंडस्लाइड के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद हो गया। प्रशासन ने यात्रियों से फिलहाल यात्रा टालने की अपील की है।
असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में छह और लोगों की मौत के बाद इस मानसून में मृतकों की संख्या 95 पहुंच गई है। धानसिरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और 14 जिलों में हाई अलर्ट जारी है। राज्य के 563 गांवों के 1.6 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
इधर, दिल्ली में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आई, लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने राजधानी समेत बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।





