छत्तीसगढ़ का पहला BEML प्लांट लगेगा मुंगेली में : कैबिनेट ने 79.70 एकड़ जमीन आवंटन को दी मंजूरी, रोजगार के खुलेंगे नए अवसर

रायपुर/मुंगेली। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा देते हुए राज्य मंत्रिपरिषद ने मुंगेली जिले में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला प्रदेश के औद्योगिक इतिहास में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रस्तावित संयंत्र मुंगेली जिले की पथरिया तहसील के ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थापित होगा। यह छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण प्लांट होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग रायपुर-बिलासपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित यह क्षेत्र उद्योग स्थापना के लिए उपयुक्त माना गया है।
बीईएमएल संयंत्र के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इसके साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण, एमएसएमई इकाइयों, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट, स्पेयर पार्ट्स निर्माण और अन्य सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर बीईएमएल संयंत्र के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन किया जा रहा था।
इसी दौरान कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजा।
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना का रास्ता साफ हो गया है।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बीईएमएल प्लांट मुंगेली को आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का नया केंद्र बनाएगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी।



