StateNewsदेश - विदेश

बंगाल की खाड़ी में बड़ा हादसा: रोहिंग्या शरणार्थियों से भरी दो नावें डूबीं, 500 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका

दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में रोहिंग्या शरणार्थियों को ले जा रही दो नावों के समुद्र में डूब जाने से बड़ा मानवीय संकट पैदा हो गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 500 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। दोनों नावों में सवार अधिकांश लोग म्यांमार के सताए हुए रोहिंग्या समुदाय से थे, जो हिंसा और उत्पीड़न से बचकर सुरक्षित जीवन की तलाश में समुद्री रास्ते से पलायन कर रहे थे।

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (UNHCR) और अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने संयुक्त बयान जारी कर घटना पर गहरी चिंता जताई है। एजेंसियों के अनुसार, पहली नाव में करीब 250 लोग सवार थे, जिसका जून के अंत में म्यांमार के पश्चिमी राज्य रखाइन से रवाना होने के कुछ समय बाद ही संपर्क टूट गया। दूसरी नाव में लगभग 280 लोग सवार थे और माना जा रहा है कि यह 8 जुलाई को म्यांमार के अयेयारवाडी तट के पास समुद्र में डूब गई।

बताया गया है कि दोनों नावों में सवार कई लोग बांग्लादेश के कॉक्स बाजार स्थित शरणार्थी शिविरों से भी यात्रा पर निकले थे। दोनों घटनाओं को मिलाकर करीब 530 लोग लापता हैं और उनके जीवित बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।

UNHCR और IOM ने कहा कि हालांकि हादसे और मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन संभावित जनहानि बेहद दुखद और चिंताजनक है। एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रोहिंग्या शरणार्थियों की सुरक्षा और सुरक्षित पलायन के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।

विशेषज्ञों के मुताबिक जून और जुलाई में मानसून के कारण बंगाल की खाड़ी में समुद्र अत्यधिक उफान पर रहता है। इसके बावजूद बेहतर भविष्य की उम्मीद में रोहिंग्या शरणार्थी क्षमता से अधिक भरी नावों में जान जोखिम में डालकर यात्रा करते हैं। यही वजह है कि ऐसे समुद्री हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button