ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

PM मोदी कल करेंगे सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण,मुख्यमंत्री साय बोले- विकास का नया अध्याय शुरू होगा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट कर उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

भेंट के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और स्टेशनों के नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के लोगों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज तेजी से आधुनिक बदलाव के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलने के साथ ही विकसित भारत के संकल्प को भी नई गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार की मजबूत आधारशिला है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी और आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। बेहतर रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों का आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित और नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाकर देश की परिवहन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

Related Articles

Back to top button