ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 24 IPS अफसरों का बड़ा फेरबदल: राजनांदगांव रेंज के नए IG बने अजय यादव, उमेश गुप्ता को बीजापुर की कमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 24 अधिकारियों का तबादला करते हुए पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत एक आईजी रेंज, कई डीआईजी, एआईजी और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) की नई पदस्थापना की गई है। लंबे समय बाद हुए इस बदलाव को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद माना जा रहा है।

तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव अजय कुमार यादव का है। उन्हें नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से हटाकर राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनाया गया है। वहीं अब तक राजनांदगांव रेंज के आईजी रहे बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर भेजा गया है। बस्तर रेंज के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल की भी पुलिस मुख्यालय में पदस्थापना की गई है।

जिलों में भी बड़े स्तर पर पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और मयंक गुर्जर को सुकमा जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम और सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कमान सौंपी गई है।

सरकार का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से पुलिसिंग में दक्षता बढ़ेगी, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी तथा जिलों में प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी। नई जिम्मेदारी पाने वाले अधिकारियों को जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button