ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महादेव सट्टा ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, ओमान से भारत लाया गया; कल रायपुर कोर्ट में किया जाएगा पेश

रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान पुलिस ने पकड़ा; CBI की टीम लेकर पहुंची भारत, 2 नवंबर को रायपुर कोर्ट में पेशी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को CBI ने ओमान से भारत ला लिया है। उसके खिलाफ जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद CBI और ED ने भारत सरकार के जरिए उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की। CBI की विशेष टीम उसे लेने मस्कट पहुंची और भारत लेकर आई। अब 2 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा।

CBI के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर दो अलग-अलग मामलों में आरोपी है। इन दोनों मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत पेश कर चुका है।

देशभर में फैला था ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क

जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था। इसका संचालन विदेश से किया जा रहा था। प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और दूसरे खेलों पर ऑनलाइन दांव लगवाए जाते थे। इसके लिए देशभर में फ्रेंचाइजी की तर्ज पर पैनल और ब्रांच बनाई गई थीं। इनके जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था।

फर्जी खातों और हवाला से विदेश भेजते थे रकम

CBI की जांच के अनुसार, सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम कई बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। फिर अलग-अलग लेनदेन और हवाला के जरिए इसे विदेश भेजा जाता था। नेटवर्क को निर्बाध चलाने के लिए सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत देने के आरोप भी सामने आए हैं।

इस मामले में CBI ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी समेत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। ED भारत और विदेश में कई संपत्तियां अटैच कर चुकी है।

मेडिकल जांच के बाद रायपुर लाया जाएगा

भारत पहुंचने के बाद सौरभ का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर लाया जाएगा, जहां 2 नवंबर को विशेष CBI कोर्ट में पेशी होगी।

Related Articles

Back to top button