ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महादेव सट्टा ऐप मामला: कारोबारी विकास गर्ग दिल्ली से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर ला रही ED

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने उसे 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर ED को सौंप दिया है। अब एजेंसी उसे रायपुर लाकर स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश करेगी और आगे की पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगी।

एडिशनल सेशंस जज विजय शंकर ने विकास गर्ग को रायपुर ले जाने की अनुमति दी। ED की टीम बुधवार को उसे रायपुर लेकर पहुंच रही है। जांच एजेंसी गर्ग से महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन, निवेश और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी।

जांच के दौरान ED पहले ही विकास गर्ग से जुड़ी करीब 940 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त कर चुकी है। एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के जरिए अवैध कमाई को विभिन्न माध्यमों से वैध बनाने की कोशिश की गई।

इस कार्रवाई से छह दिन पहले ही महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के मुख्य संचालकों में शामिल सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार किया गया था। उस पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था।

महादेव बेटिंग ऐप मामले को देश के सबसे बड़े ऑनलाइन सट्टा और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में माना जा रहा है। ED लगातार इससे जुड़े कारोबारियों, निवेशकों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। विकास गर्ग की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button