ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नकटी से कांग्रेस की पदयात्रा शुरू होने वाली: 14 किमी पैदल मार्च कर राजभवन पहुंचेगी

रायपुर। रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस की प्रस्तावित पदयात्रा कुछ ही देर में शुरू होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और प्रभावित परिवार नकटी गांव से करीब 14 किलोमीटर पैदल चलकर राजभवन (लोकभवन) पहुंचेंगे। वहां राज्यपाल से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित पुनर्वास और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग वाला ज्ञापन सौंपा जाएगा।

पदयात्रा शुरू होने से पहले नकटी गांव में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और विस्थापित परिवार एकत्र हुए। मौके पर पूर्व विधायक अनीता योगेंद्र शर्मा, अनिला भेड़िया, प्रमोद दुबे, कविता प्राण लहरे सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। कांग्रेस ने राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा है और इस संबंध में राजभवन को रिमाइंडर पत्र भी भेजा है। पार्टी को आज मुलाकात का समय मिलने की उम्मीद है।

यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड करीब पांच घंटे के लिए बंद रहेगी। आम लोगों से इस दौरान मुख्य मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

कांग्रेस का आरोप है कि 29 जून को नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई में गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। पार्टी इस मुद्दे को लगातार सरकार के खिलाफ उठा रही है। विधानसभा सत्र में भी कांग्रेस ने इसे प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई है।

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को राजीव भवन में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी थीं। कांग्रेस का कहना है कि यह पदयात्रा केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनकी आवाज राज्यपाल तक पहुंचाने का प्रयास है।

Related Articles

Back to top button