ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महादेव ऐप घोटाला: विदेश भागे चंद्राकर-उप्पल पर CBI का शिकंजा, कोर्ट में 6 चार्जशीट दाखिल

रायपुर। देश के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अदालत में छह नई चार्जशीट दाखिल की हैं।

इन आरोपपत्रों में सिंडिकेट के छह प्रमुख सदस्यों आशिम दास, रोहित गुलाटी, विकास छपारिया, अनिल धम्मानी, विशाल आहूजा और धीरज आहूजा को आरोपी बनाया गया है।

सभी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) और भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं।

सीबीआई ने मामले के कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ भी पूरक साक्ष्य अदालत में पेश किए हैं। दोनों पहले से इस मामले में आरोपी हैं और विदेश में फरार बताए जा रहे हैं।

एजेंसी ने समानांतर जांच में कुल 66 आरोपियों को निशाने पर लेते हुए पांच अन्य चार्जशीट भी दाखिल की हैं। इनमें महादेव बेटिंग सिंडिकेट के प्रमोटर और सट्टेबाजी नेटवर्क संचालित करने वाले प्रमुख सदस्य शामिल हैं। इन पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।

जांच में सामने आया है कि महादेव ऐप देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल रहा है। सोशल मीडिया के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया।

देशभर में बेटिंग पैनल बनाकर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग कर रकम विदेश भेजी गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस नेटवर्क की कमाई का एक हिस्सा कथित तौर पर संरक्षण के लिए रिश्वत के रूप में भी इस्तेमाल किया गया।

सीबीआई के अनुसार, विदेश भाग चुके चार प्रमुख आरोपियों के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस पहले से सक्रिय है। साथ ही उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और राजनीतिक व नौकरशाही संरक्षण समेत पूरे नेटवर्क की परतें खोलने के लिए आगे भी पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button