ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

डुमरतराई थोक बाजार से व्यापार और रोजगार को मिलेगी रफ्तार: CM साय ने किया फेस-2 का लोकार्पण, सरदार पटेल के नाम पर होगा परिसर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया।

इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा। साथ ही परिसर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर सरदार पटेल की 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके नाम पर इस व्यापारिक परिसर का नामकरण राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होती है, वहां निवेश बढ़ता है, आर्थिक गतिविधियां तेज होती हैं और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक थोक बाजार में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ ‘ईज ऑफ लिविंग’ पर भी समान रूप से काम कर रही है। व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई सुधार किए गए हैं, जिनका सकारात्मक असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना की गई थी, वह अब साकार हो गई है। इससे व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।

उल्लेखनीय है कि परियोजना के पहले चरण में 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 दुकानें और हॉल बनाए गए थे, जबकि दूसरे चरण में 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है।

दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।

Related Articles

Back to top button