ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में दूसरे दिन भी प्रशासनिक फेरबदल: GPM कलेक्टर संतोष देवांगन हटे, विजय दयाराम को जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को एक और बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा महानदी भवन से जारी आदेश में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को पद से हटाकर मंत्रालय भेज दिया गया है। उनकी जगह विजय दयाराम के. को जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।

संतोष देवांगन को दो महीने पहले ही GPM जिले की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन अब उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

सरकार ने अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। महासमुंद जिला पंचायत के सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार को संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण का प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

दुर्ग नगर निगम के आयुक्त सुमित अग्रवाल को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर रिमिजियस एक्का को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करेंगे।

इसके अलावा सरायपाली की एसडीएम अनुपमा आनंद को पदोन्नत करते हुए जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बुधवार को भी राज्य सरकार ने आठ आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों के तबादले किए थे। लगातार दूसरे दिन हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को सरकार की प्रशासनिक रणनीति और विभागीय पुनर्संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ और विभागों में भी बदलाव संभव है।

Related Articles

Back to top button