ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जशपुर में ‘गजरथ यात्रा-भाग 02’ पुस्तक का विमोचन: हाथियों के संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने पर जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जशपुर जिले के अपने गृहग्राम बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में जशपुर वनमंडल की जनजागरूकता अभियान पर आधारित पुस्तक ‘गजरथ यात्रा-भाग 02’ का विमोचन किया।

यह पुस्तक हाथियों के संरक्षण, मानव-हाथी संघर्ष को कम करने और प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का दस्तावेज है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर वन संपदा और जैव विविधता से समृद्ध क्षेत्र है। ऐसे में मानव और वन्यजीवों के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हाथियों के प्राकृतिक व्यवहार और उनके विचरण क्षेत्रों के प्रति लोगों को जागरूक कर संघर्ष की घटनाओं को कम किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनसुरक्षा के साथ-साथ वन और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने ‘गजरथ यात्रा’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को जागरूक और सतर्क बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

जशपुर वनमंडल द्वारा संचालित यह अभियान गांव-गांव और स्कूलों तक पहुंच रहा है। इसके तहत ग्रामीणों और विद्यार्थियों को हाथियों के व्यवहार, उनके आवास, भोजन और विचरण क्षेत्रों की जानकारी दी जा रही है।

साथ ही हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और आपात स्थिति में वन विभाग को तुरंत सूचना देने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

पुस्तक में वन विभाग की विभिन्न गतिविधियों, ग्रामीणों की भागीदारी और जनजागरूकता कार्यक्रमों को विस्तार से शामिल किया गया है। अभियान के जरिए हाथियों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर लोगों में वैज्ञानिक और व्यावहारिक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

वन विभाग हाथियों की गतिविधियों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग कर रहा है। ‘राज संकेत’ ऐप के माध्यम से हाथियों की मौजूदगी की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button