ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नवा रायपुर की बदलती तस्वीर: टेक्सटाइल से सेमीकंडक्टर तक उद्योगों का नया हब बन रहा अटल नगर, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर अब केवल आधुनिक प्रशासनिक राजधानी के रूप में नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में भी तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी, सुनियोजित शहरी विकास और आधुनिक अधोसंरचना के कारण देश की बड़ी कंपनियां यहां निवेश के लिए आगे आ रही हैं। इसका सीधा फायदा प्रदेश के युवाओं को रोजगार के रूप में मिलने की उम्मीद है।

राज्य सरकार नवा रायपुर में टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य के उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। इन क्षेत्रों में हो रहे निवेश से शहर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल रही है।

ग्राम कुर्रू में 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे टेक्सटाइल पार्क को रोजगार का बड़ा केंद्र माना जा रहा है। स्विफ्ट टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड ने 235 करोड़ रुपए के निवेश से गारमेंट निर्माण इकाई का भूमिपूजन किया है।

इससे करीब 4,650 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं, पुनीत क्रिएशन के साथ 175 करोड़ रुपए के निवेश का समझौता किया गया है। दोनों परियोजनाओं के जरिए लगभग 10 हजार रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

स्वास्थ्य और औषधि उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-22 में 132 एकड़ क्षेत्र में फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में लगभग 2 हजार करोड़ रुपए के निवेश और 1,400 रोजगार सृजन की योजना है। टोरेंट फार्मा, एविला फार्मास्युटिकल्स और विटालिस हेल्थ जैसी कंपनियों के साथ 735 करोड़ रुपए के समझौते किए जा चुके हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में भी नवा रायपुर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यश फैंस ने 110 करोड़ रुपए के निवेश से घरेलू उपकरण निर्माण इकाई स्थापित की है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक कॉमन फैसिलिटी सेंटर को मंजूरी मिल चुकी है, जहां आधुनिक परीक्षण और डिजाइन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

आईटी और डिजिटल क्षेत्र में भी बड़े निवेश हो रहे हैं। 2,000 सीटों वाला प्लग एंड प्ले आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है। वहीं, करीब 1,000 करोड़ रुपए की लागत से एआई आधारित डेटा सेंटर पार्क भी तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा, सेमीकंडक्टर चिप निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू हो रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि उद्योगों के इस विस्तार से नवा रायपुर आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और रोजगार का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर सकता है।

Related Articles

Back to top button