भारत-अफगानिस्तान दूसरा वनडे आज, सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया; श्रेयस अय्यर के पास 3000 रन पूरे करने का मौका

लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है और अब उसकी नजर दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होगी।
इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के पास खास उपलब्धि हासिल करने का मौका है। वह वनडे क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे करने से सिर्फ 11 रन दूर हैं। वहीं अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज को 2000 वनडे रन पूरे करने के लिए 10 रन और भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को 1000 रन पूरे करने के लिए 33 रन की जरूरत है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक पांच वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने चार मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। अफगानिस्तान अब तक भारत के खिलाफ वनडे में जीत दर्ज नहीं कर सका है। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे धर्मशाला में खेला गया था, जिसमें भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी।
पहले मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 84 रन बनाकर शानदार फॉर्म दिखाई थी, जबकि केएल राहुल ने भी 39 रन की नाबाद पारी खेली थी। डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने गेंदबाजी में प्रभावित करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए थे।
अफगानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज ने पहले वनडे में शानदार शतक लगाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। वहीं इब्राहिम जादरान और अजमतुल्लाह उमरजई टीम के अहम खिलाड़ी हैं।
लखनऊ के मौसम की बात करें तो यहां बारिश की संभावना नहीं है। तापमान दिन में करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इकाना स्टेडियम की पिच मिश्रित मिट्टी की होगी, जहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है।
भारतीय टीम में गेंदबाजी विभाग में बदलाव की संभावना है। स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। हालांकि बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना कम है। टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत के साथ सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी।





