धमतरी में शादी से इनकार पर प्रेमिका ने होटल में लगाई फांसी, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में शादी से इनकार और प्रेमी से विवाद के बाद 22 वर्षीय युवती की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती की पहचान कवर्धा निवासी पिंकी मानिकपुरी के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू (24) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पिंकी और टिकेश्वर के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध थे। टिकेश्वर धमतरी की एक राइस मिल में काम करता है। दोनों की मुलाकात धमतरी में हुई थी। आरोप है कि टिकेश्वर ने पिंकी से शादी करने का वादा किया था। बाद में पिंकी को शक हुआ कि वह दूसरी लड़कियों से भी बातचीत करता है।
शादी की बात पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पिंकी 24 सितंबर को धमतरी पहुंची और होटल सीजी-05 में कमरा लिया था। 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उससे मिलने होटल पहुंचा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान उसने पिंकी से गाली-गलौज की और 3-4 थप्पड़ मारे। इसके बाद वह होटल से चला गया।
26 सितंबर को कमरे में मिली लाश
26 सितंबर को होटल के कमरे में पिंकी का शव मिला। जांच के दौरान पुलिस को कमरे में पंखा टूटा हुआ मिला। युवती के चेहरे पर हल्के खून के निशान भी मिले थे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे की जांच की और होटल स्टाफ से पूछताछ की। मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सहेली को भेजा था मैसेज
जांच में सामने आया कि टिकेश्वर ने पिंकी की सहेली को मैसेज कर उससे बात कराने के लिए कहा था। उसने मैसेज में लिखा था कि पिंकी ने उसे हर जगह से ब्लॉक कर दिया है। पुलिस ने 10 अक्टूबर को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





