ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम हेल्पलाइन 1076 का असर: 24 घंटे में बना जाति प्रमाण पत्र, सेवक राम के परिवार को मिली राहत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितकारी और सुशासन आधारित पहल का सकारात्मक असर प्रदेशभर में दिखाई दे रहा है। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 लोगों के लिए भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पतगवा निवासी सेवक राम का मामला इसका ताजा उदाहरण है।

सेवक राम अपने बच्चों के जाति एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। आवेदन करने के बावजूद विभिन्न कारणों से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे थे। इसके चलते बच्चों को शिक्षा, शासकीय योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार प्रयासों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से परिवार काफी परेशान था।

आखिरकार सेवक राम ने अपनी शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू की। इसका परिणाम यह रहा कि महज 24 घंटे के भीतर बच्चों का जाति प्रमाण पत्र स्वीकृत कर जारी कर दिया गया। लंबे समय से लंबित समस्या का इतनी तेजी से समाधान होने पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।

समस्या के त्वरित निराकरण पर सेवक राम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले कई बार प्रयास करने के बावजूद उनका काम नहीं हो पाया था, लेकिन सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करने के बाद प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए समयबद्ध कार्रवाई की और राहत पहुंचाई।

राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। सीएम हेल्पलाइन 1076 अब केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि आम लोगों को समय पर न्याय दिलाने वाला प्रभावी सुशासन तंत्र बन चुका है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

Related Articles

Back to top button