सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर एक्शन,अवैध रेत-गिट्टी परिवहन में 6 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर। सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का एक और उदाहरण गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में देखने को मिला।
नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाकर अवैध रेत और गिट्टी परिवहन में संलिप्त 6 ट्रैक्टरों को जब्त किया। कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायत की जांच के बाद की गई।
शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने जिला खनिज विभाग को तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान कोलबिर्रा और रुमगा क्षेत्र से रेत से भरे तीन ट्रैक्टर, खंता और पिपरिया से दो ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। सभी वाहनों को मौके पर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि जमा करने के बाद ही नियमानुसार जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासन के राजस्व हित सुरक्षित रह सकें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना सीएम हेल्पलाइन 1076 या संबंधित विभाग को दें।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक सतीश साहू की सक्रिय भूमिका रही।





