छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों की जीपीएफ वार्षिक लेखा पर्ची जारी: वेबसाइट और डिजीलॉकर पर उपलब्ध

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। उप महालेखाकार (पेंशन एवं निधि), रायपुर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) की वार्षिक लेखा पर्ची जारी कर दी है। अब सभी अभिदाता अपने खाते का वार्षिक विवरण ऑनलाइन देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
उप महालेखाकार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य शासन के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अखिल भारतीय सेवा (AIS) के अधिकारियों की जीपीएफ वार्षिक लेखा पर्ची कार्यालय प्रधान महालेखाकार, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट और राज्य शासन की ई-कोष (e-Kosh) वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। संबंधित कर्मचारी राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आईडी और पासवर्ड की सहायता से अपने खाते का विवरण आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
इस बार कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वार्षिक लेखा विवरण डिजीलॉकर (Digilocker) प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया गया है। इससे कर्मचारी किसी भी समय डिजिटल माध्यम से अपनी जीपीएफ लेखा पर्ची सुरक्षित रूप से देख और डाउनलोड कर सकेंगे। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तावेज उपलब्ध होने से कागजी प्रक्रिया में कमी आएगी और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने में भी सुविधा होगी।
उप महालेखाकार कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने जीपीएफ खाते की वार्षिक लेखा पर्ची डाउनलोड कर उसका सावधानीपूर्वक अवलोकन करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति दिखाई देती है, तो संबंधित कार्यालय से समय रहते संपर्क कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी करें।
राज्य सरकार और लेखा विभाग की यह डिजिटल पहल कर्मचारियों को पारदर्शी, सुरक्षित और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे भविष्य निधि संबंधी जानकारी प्राप्त करना पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो गया है।





