StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

अबू धाबी में 22-23 जनवरी 2027 को होगा IIFA अवॉर्ड्स

सलमान, करीना, शाहिद समेत कई सितारे होंगे शामिल; यास आइलैंड के एतिहाद एरिना में दो दिन चलेगा समारोह

मुंबई। इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉर्ड्स का 27वां संस्करण 22 और 23 जनवरी 2027 को अबू धाबी में आयोजित होगा। समारोह में सलमान खान, करीना कपूर खान और शाहिद कपूर समेत बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल होंगे। करण जौहर, वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, पंकज त्रिपाठी और अली फजल भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

IIFA 2027 का आयोजन अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में होगा। अबू धाबी में यह IIFA का चौथा आयोजन होगा। कार्यक्रम का आयोजन डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म अबू धाबी और मिराल के साथ साझेदारी में किया जाएगा। दो दिन के कार्यक्रम में अवॉर्ड सेरेमनी के साथ कलाकारों और म्यूजिक आर्टिस्ट की परफॉर्मेंस भी होंगी।

सलमान खान ने 2022 में हुए 22वें IIFA अवॉर्ड्स की मुख्य सेरेमनी को पहली बार होस्ट किया था। वहीं करीना कपूर खान IIFA में ‘जब वी मेट’ और ‘3 इडियट्स’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीत चुकी हैं।

2025 में ‘लापता लेडीज’ ने जीते 10 अवॉर्ड

IIFA का सिल्वर जुबली समारोह 8 और 9 मार्च 2025 को जयपुर में हुआ था। इसमें किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने 10 प्रमुख अवॉर्ड जीते थे। इनमें बेस्ट पिक्चर और बेस्ट डायरेक्टर जैसे पुरस्कार शामिल थे।

2000 में हुई थी IIFA की शुरुआत

IIFA अवॉर्ड्स की शुरुआत 24 जून 2000 को लंदन के मिलेनियम डोम से हुई थी। पहले समारोह में ‘हम दिल दे चुके सनम’ को बेस्ट फिल्म चुना गया था। इसके बाद IIFA का आयोजन भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, नीदरलैंड्स, दुबई, थाईलैंड, कनाडा, अमेरिका और स्पेन समेत कई देशों में हुआ।

2022 में अबू धाबी में समारोह आयोजित किया गया था। इसके बाद 2023 में ‘दृश्यम 2’, 2024 में ‘एनिमल’ और 2025 में ‘लापता लेडीज’ को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला।

IIFA में बेस्ट फिल्म, डायरेक्टर, एक्टर, एक्ट्रेस, सपोर्टिंग कलाकार, म्यूजिक, प्लेबैक सिंगर और तकनीकी श्रेणियों समेत कई कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button