ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 7 दिन झमाझम बारिश के आसार, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट; 3-4 दिन में पूरे प्रदेश को कवर करेगा मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब तेजी पकड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और अगले सात दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल मानसून राज्य के करीब 80 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच चुका है और अगले तीन से चार दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। आने वाले दो-तीन दिनों में लगातार बारिश होने से उमस से राहत मिलेगी और तापमान में भी गिरावट आएगी। शुक्रवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मानसून अब तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, कांकेर और बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों तक पहुंच चुका है। वहीं सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती और रायगढ़ समेत शेष जिलों में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून की आधिकारिक एंट्री होने की संभावना है।

हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। राजनांदगांव में 92 प्रतिशत, मोहला-मानपुर में 95 प्रतिशत और बलौदाबाजार व सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 83 प्रतिशत तक वर्षा की कमी दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अगले 10 दिन बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे। यदि इस दौरान अच्छी बारिश होती है तो किसानों को राहत मिलेगी और खेतों में पर्याप्त नमी बन सकेगी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button