ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बंगाल में बने सिस्टम से 48 घंटे भारी बारिश के आसार: मध्य-दक्षिण छत्तीसगढ़ में अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के मजबूत होने से प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में इस बार मानसून की शुरुआत कमजोर रही है। 1 जून से अब तक सामान्य से करीब 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई इलाकों में खेती-किसानी प्रभावित हुई है।

हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में होने वाली व्यापक बारिश से वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है और किसानों को राहत मिलेगी।

बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में अगले 48 घंटे तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसानों को भी खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button