StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

हैप्पी बर्थडे किंग: शाहरुख के 8 बड़े झगड़े,तलवार लेकर पत्रकार के घर पहुंचे; बेटी के लिए स्टेडियम में भिड़े

मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। पर्दे पर रोमांस और एक्शन से दर्शकों का दिल जीतने वाले शाहरुख असल जिंदगी में भी अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चा में रहे हैं।

परिवार, आत्मसम्मान और काम की बात आई तो कई बार उनका गुस्सा भी सुर्खियों में रहा। एक बार वह को-एक्ट्रेस के साथ अफेयर की झूठी खबर छापने वाले पत्रकार के घर तलवार लेकर पहुंच गए थे। वहीं, बेटी सुहाना से बदसलूकी पर स्टेडियम में सिक्योरिटी गार्ड से भिड़ गए थे।

पत्रकार के घर तलवार लेकर पहुंच गए थे शाहरुख

1993 में फिल्म ‘मामा मेमसाब’ की शूटिंग के दौरान एक मैगजीन ने शाहरुख और उनकी को-एक्ट्रेस दीपा सेन को लेकर आपत्तिजनक खबर छापी थी। इसमें दावा किया गया था कि शूटिंग के दौरान सहज होने के लिए दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।

खबर से नाराज शाहरुख तलवार लेकर पत्रकार के घर पहुंच गए और उसे धमकाया। इस मामले में उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। बाद में अभिनेता नाना पाटेकर ने उनकी जमानत कराई।

लड़कियों से बदसलूकी करने वालों को पीटा

फिल्म ‘करण अर्जुन’ की शूटिंग के दौरान राजस्थान में कुछ लड़कों ने कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश की टीम की लड़कियों से बदसलूकी की। समझाने के बाद भी जब वे नहीं माने तो शाहरुख ने लाठी से उनकी पिटाई कर दी।

अंडरवर्ल्ड की धमकी का दिया जवाब

90 के दशक में अंडरवर्ल्ड की ओर से फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को धमकियां मिलती थीं। शाहरुख को भी अबू सलेम और छोटा शकील की ओर से फोन आए। एक फिल्म में काम करने का दबाव बनाया गया। धमकी मिलने पर शाहरुख ने जवाब दिया कि वे पठान हैं और गोली से नहीं डरते। इसके बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ा दी थी।

बेटी सुहाना के रोने पर भड़के

2007 में अमर सिंह पर टिप्पणी के बाद शाहरुख के घर मन्नत के बाहर प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की थी। उस समय घर में मौजूद बेटी सुहाना और बेटा आर्यन डर गए थे। शाहरुख ने कहा था कि अगर वे समय पर पहुंच जाते तो बेटी को रुलाने वालों को सबक सिखा देते।

सलमान और फराह के पति से भी हुआ विवाद

2008 में कटरीना कैफ की बर्थडे पार्टी में सलमान खान ने शाहरुख के टीवी शो का मजाक उड़ाया। इस पर दोनों के बीच बहस और हाथापाई की नौबत आ गई। संजय दत्त ने बीच-बचाव किया। इसी तरह फिल्म ‘रा.वन’ का मजाक उड़ाने पर शाहरुख ने फराह खान के पति शिरीष कुंदर को थप्पड़ मार दिया था।

इसके अलावा आमिर खान के साथ भी उनकी जुबानी जंग चर्चा में रही। वहीं 2012 में वानखेड़े स्टेडियम में बच्चों से बदसलूकी करने वाले सिक्योरिटी गार्ड से भिड़ने पर उन पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था। बाद में शाहरुख ने अपने व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।

Related Articles

Back to top button