Jannah Theme License is not validated, Go to the theme options page to validate the license, You need a single license for each domain name.
मध्यप्रदेश

गांजा तस्कर गिरफ्तार , ओड़िशा से लाया था गांजा, वाहन की छत में छुपाया था माल

जबलपुर। क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस ने 74 वर्षीय बुजुर्ग को 56 किलो से अधिक गांजा के साथ पकड़ा है। आरोपी का नाम गजराज सिंह है। वह दमोह जिले के जबेरा का रहने वाला है।आरोपी ने शातिराना अंदाज से बोलेरो की छत को काटकर उसमें गांजा छुपा रखा था। गजराज सिंह यह गांजा ओड़िशा से लाया था। पूछताछ में गजराज सिंह ने बताया कि इससे पहले भी वह गांजा ला चुका है। पुलिस बोलेरो को जब्त कर आरोपी से पूछताछ कर रही है। 

जानकारी के मुताबिकगजराज सिंह के गांजा तस्करी का तरीका देख पुलिस वालों के भी होश उड़ गए। आरोपी ने बहुत शातिराना अंदाज में बोलेरो की छत को काटकर उसमें एक लोहे की प्लेट लगाई और फिर वहां पर गांजा छिपाकर नट-बोल्ट से कस दिया था। एएसपी क्राइम ब्रांच समर वर्मा को सूचना मिली थी कि कटनी जिले के पान उमरिया की ओर से एक बोलेरो में लाखों रुपए का गांजा लाया जा रहा है। एएसपी ने अपनी टीम लगाई। पुलिस ने बोलेरो को रोका और करीब आधे घंटे तक तलाशी ली पर उसमें गांजा नहीं मिला। इस बीच सीएसपी पारुल शर्मा ने देखा कि बोलेरो का छत कुछ अलग था। नजदीक से देखा तो बोलेरो की छत नट-बोल्ट से कसी थी। आरोपी ने बोलेरो की छत को फोल्डिगं छत बना रखा था। इतनी सफाई से छत को काटकर जमाया गया था कि किसी को ये पता ही नहीं चलता कि छत में कुछ छुपाकर रखा गया है। पुलिस ने जब छत पर लगे नट-बोल्ट को खोला तो छत के नीचे एक लोहे की प्लेट पर गांजा के 35 के पैकेट मिले।

एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत गजराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर गांजा को जब्त कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक 56 किलो 236 ग्राम गांजे की कीमत करीब सवा 11 लाख रुपए है।आरोपी का कहना है कि यह गांजा वह ओड़िशा से लेकर आया था और दमोह तथा आसपास के क्षेत्रों में ले जाकर बेचा करता था। पुलिस को संदेह है कि गांजा तस्करी में गजराज सिंह अकेला नहीं होगा, इसके साथ पूरा गिरोह है। फिलहाल पुलिस गजराज सिंह से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है गजराज सिंह के गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, जल्द ही इसका खुलासा होगा।

Related Articles

Back to top button