ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

हाई अलर्ट के बीच पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में हाई अलर्ट के बीच बीजेपी नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट का शिकार हो गए। घटना सोमवार सुबह की है, जब धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे।

जानकारी के मुताबिक, वे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार बदमाश उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि कौशिक संभल भी नहीं सके। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने संभवतः पहले से रेकी की थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसके बावजूद वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद कांग्रेस ने भी कमिश्नरेट सिस्टम पर निशाना साधा है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि हाई अलर्ट के बावजूद राजधानी में अपराध हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित हो गई है।

Related Articles

Back to top button