पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार: 8 घंटे में पुलिस ने दबोचा, बाइक-मोबाइल जब्त

रायपुर। रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और बीजेपी विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे वे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक अचानक उनके पास आया और हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के संभावित रूट पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी कभी-कभी रैपिडो चलाने का काम भी करता है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि राजधानी में होने वाले हर अपराध को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी-लूट के सामान की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।





