ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

1,500 ट्रकों के कारोबारी इंद्रजीत सिंह के ठिकानों पर स्टेट GST का छापा

भिलाई और बलौदाबाजार में करीब 6 घंटे चली जांच, HTC के ऑफिस-गोदाम और यार्ड में खंगाले कारोबारी दस्तावेज

रायपुर। भिलाई के बड़े ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू की कंपनी हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के ठिकानों पर सोमवार को स्टेट GST की टीम ने छापेमार कार्रवाई की।

GST अधिकारियों की टीम ने भिलाई के हथखोज स्थित कंपनी के ऑफिस और गोदाम के अलावा बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी दस्तावेज और कारोबारी रिकॉर्ड खंगाले। कार्रवाई करीब 6 घंटे तक चली और अधिकारी देर रात तक अलग-अलग ठिकानों पर जांच करते रहे।

फिलहाल स्टेट GST विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस शिकायत या कथित गड़बड़ी के आधार पर की गई। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की वजह और सामने आए तथ्यों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। विभाग ने फिलहाल कंपनी पर टैक्स चोरी या किसी अन्य अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

BSP में चलती हैं 60-70 गाड़ियां

HTC का कारोबार भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से भी जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक कंपनी की करीब 60 से 70 गाड़ियां BSP में परिवहन के काम में लगी हैं। ऐसे में GST जांच के दौरान कंपनी के परिवहन कारोबार से जुड़े बिल, टैक्स रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज भी खंगाले गए हैं।

कंपनी का कारोबार कई स्थानों पर संचालित होने के कारण टीम ने भिलाई के साथ बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी जांच की।

1,500 ट्रकों के संचालन से जुड़े हैं इंद्रजीत

इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू HTC के डायरेक्टर हैं और करीब 1,500 ट्रकों के संचालन से जुड़े बताए जाते हैं। वे भिलाई के ट्रांसपोर्ट कारोबार में सक्रिय हैं। इसके अलावा वे कई सामाजिक और खेल संगठनों से भी जुड़े हुए हैं।

अब GST विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। अधिकारियों ने कौन-कौन से दस्तावेज खंगाले और कोई गड़बड़ी सामने आई या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button