छत्तीसगढ़ में 31 IPS अधिकारियों का तबादला, पवन देव का विभाग बदला; काबरा को रेल-ट्रैफिक की जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 31 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव में वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार भी बदले गए हैं। 1992 बैच के IPS पवन देव को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक पद से हटाकर नगरसेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है।
वहीं 1994 बैच के IPS एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है। जीपी सिंह को महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन एवं चयन बनाया गया है।
अजातशत्रु सिंह को नई जिम्मेदारी
2011 बैच के IPS अजातशत्रु बहादुर सिंह को पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में गुप्तवार्ता एवं विशेष शाखा के DIG पद से हटाकर नगर सेना, SDRF और अग्निशमन सेवाओं के DIG एवं निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
काबरा को रेल और ट्रैफिक का अतिरिक्त प्रभार
1997 बैच के IPS दीपांशु काबरा को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल और यातायात का प्रभार दिया गया है। वहीं विवेकानंद को वित्त, योजना एवं प्रबंध का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अमित कुमार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
डॉ. आनंद छाबड़ा को तकनीकी सेवाएं, डायल-112 और दूरसंचार की जिम्मेदारी मिली है। वहीं ओमप्रकाश पाल को पुलिस मुख्यालय में IG कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाया गया है। अंकित कुमार गर्ग को राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
गौरतलब है कि सरकार ने करीब छह दिन पहले ही 22 IAS और एक IFS अधिकारी का तबादला किया था। इनमें छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए थे। शासन के आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
पढ़े आदेश की कॉपी






