आश्रम स्कूल में 7 साल के बच्चे की मौत, तेज बुखार के बाद बिगड़ी तबीयत

हॉस्टल में रह रहे 395 बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन अलर्ट, स्कूल परिसर की सफाई और पानी की जांच शुरू
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक आश्रम स्कूल में 7 साल के छात्र की मौत के बाद हड़कंप मच गया। बच्चे की तबीयत तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद बिगड़ी थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, बच्चे को 22 अगस्त को तेज बुखार आया था। इसके बाद उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। सोमवार को उसकी हालत अचानक ज्यादा खराब हो गई। बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी और उसका ऑक्सीजन स्तर भी गिर गया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
हॉस्टल में रहते हैं 395 बच्चे
घटना के बाद प्रशासन ने स्कूल परिसर में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। आश्रम स्कूल के हॉस्टल में करीब 395 बच्चे रहते हैं। प्रशासन की टीम ने परिसर की सफाई शुरू करा दी है। इसके साथ ही बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पानी की भी जांच कराई जा रही है।
अधिकारियों की ओर से फिलहाल बच्चे की मौत को किसी बीमारी या संक्रमण से जोड़कर कोई निष्कर्ष नहीं दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। प्रशासन अन्य छात्रों के स्वास्थ्य पर भी नजर रख रहा है।





