ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में ड्रॉपआउट बच्चों की डिजिटल पहचान, ‘लइका चिन्हारी’ एप से घर-घर सर्वे

स्कूल छोड़ चुके बच्चों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, दोबारा दाखिले के बाद 3 महीने तक पढ़ाई की होगी निगरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अब डिजिटल तकनीक का सहारा लिया जाएगा।

शाला अप्रवेशी, शाला त्यागी और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान के लिए राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा की ओर से ‘लइका चिन्हारी’ मोबाइल एप तैयार कराया गया है।

इसके जरिए मैदानी अमला घर-घर जाकर सर्वे करेगा और बच्चों की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी।

विभाग का उद्देश्य केवल स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान करना नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाकर पढ़ाई जारी रखने की निगरानी करना भी है।

माध्यमिक स्तर पर 13.8% ड्रॉपआउट

प्रदेश में माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर करीब 13.8 प्रतिशत बताई गई है। इसे कम करने के लिए सर्वे और पुनः प्रवेश अभियान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सर्वे के लिए स्थानीय स्तर पर साक्षरता प्रेरकों और अतिथि शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर नियमित सरकारी कर्मचारियों की भी मदद ली जा सकेगी।

एप में दर्ज होगी पूरी जानकारी

चयनित सर्वेकर्ता एंड्रॉयड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से ‘लइका चिन्हारी’ एप डाउनलोड करेंगे। इसमें बच्चे का नाम, मोबाइल नंबर, बसाहट, स्कूल और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके बाद संबंधित संकुल समन्वयक ऑनलाइन सत्यापन करेंगे। सत्यापन के बाद ही सर्वेकर्ता प्रोत्साहन राशि के पात्र होंगे।

बच्चे को स्कूल में बनाए रखने पर 500 रुपए

एप में प्रत्येक चिन्हांकित बच्चे की प्रविष्टि और सत्यापन पूरा करने पर सर्वेकर्ता को 20 रुपए प्रति छात्र दिए जाएंगे। वहीं बच्चे का स्कूल में दाखिला कराने और कम से कम तीन महीने तक उसे स्कूल में बनाए रखने के बाद प्राचार्य के सत्यापन पर 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

माध्यमिक स्तर के बच्चों को छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल के जरिए परीक्षा दिलाने पर भी 500 रुपए प्रोत्साहन का प्रावधान है। सभी भुगतान जिलों के माध्यम से DBT के जरिए किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button