ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पहले 10 साल के मासूम को कुचला, फिर पुलिसवालों को रौंदने की कोशिश: 2 जगह बैरिकेड्स तोड़कर भागा ट्रक, हाईवे पर पीछा कर ड्राइवर गिरफ्तार

राजनांदगांव/मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह हिट एंड रन की सनसनीखेज घटना सामने आई।

तेज रफ्तार ट्रक ने गुंडरदेही गांव के पास सड़क किनारे खेल रहे 10 वर्षीय मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने दो जगह बैरिकेड्स तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों को भी चपेट में लेने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस ने सबसे पहले मोहला में नाकेबंदी कर ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़ते हुए निकल गया।

इसके बाद मानपुर में दूसरी बार ट्रक को रोकने की कोशिश की गई। यहां भी चालक नहीं रुका और तेज रफ्तार में बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

हाईवे पर पीछा कर दबोचा

ट्रक चालक लगातार महाराष्ट्र सीमा की ओर भाग रहा था। पुलिस की कई टीमों ने उसका पीछा किया। आखिरकार कोहका के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। इसके बाद पुलिस ने चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो वायरल, जांच शुरू

पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें ट्रक बैरिकेड्स तोड़ते हुए भागता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है।

मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हिट एंड रन, लापरवाही से वाहन चलाने और पुलिस कार्रवाई में बाधा पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button