पान मसाला एड पर शाहरुख को FDA का नोटिस: 15 दिन की मियाद खत्म, अजय-टाइगर ने जवाब दिया; अब खान की बारी

मुंबई। पान मसाला के कथित सरोगेट विज्ञापन को लेकर अभिनेता शाहरुख खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘च्युइंग इलायची’ के विज्ञापन को लेकर नोटिस जारी किया था। तीनों को 15 दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए थे। अब अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने FDA को अपना जवाब भेज दिया है, लेकिन शाहरुख खान की ओर से अब तक जवाब नहीं मिला है।
FDA ने 11 अगस्त को तीनों अभिनेताओं को नोटिस भेजकर पूछा था कि ‘विमल इलायची’ का विज्ञापन कहीं प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पादों के अप्रत्यक्ष प्रचार यानी सरोगेट एडवरटाइजिंग के तौर पर तो नहीं किया जा रहा।
विज्ञापन को लेकर मांगे थे सबूत
रेगुलेटर ने तीनों से यह साबित करने को कहा था कि विज्ञापन में दिखाया जा रहा इलायची प्रोडक्ट पान मसाला से अलग है। साथ ही उनसे यह भी पूछा गया कि विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित उत्पादों का अप्रत्यक्ष प्रचार तो नहीं किया जा रहा।
महाराष्ट्र में पान मसाला के प्रचार पर प्रतिबंध है। ऐसे में FDA ब्रांडिंग और विज्ञापन के जरिए होने वाले संभावित सरोगेट प्रमोशन की जांच कर रहा है।
जवाब नहीं आया तो हो सकती है कार्रवाई
अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ का जवाब मिलने के बाद अब FDA की नजर शाहरुख खान के जवाब पर है। तय समय सीमा में जवाब नहीं देने पर नियमानुसार जुर्माना या अन्य कानूनी कार्रवाई की स्थिति बन सकती है। हालांकि, FDA शाहरुख के खिलाफ क्या कदम उठाएगा, इस पर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले भी पान मसाला विज्ञापनों पर दे चुके हैं सफाई
पान मसाला विज्ञापनों को लेकर शाहरुख खान और अजय देवगन पहले भी अपनी राय रख चुके हैं। शाहरुख का कहना रहा है कि यदि कोई उत्पाद स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है तो सरकार को उसके निर्माण और बिक्री पर रोक लगानी चाहिए। वहीं अजय देवगन ने 2022 में कहा था कि वह केवल इलायची का विज्ञापन करते हैं और सरोगेट एडवरटाइजिंग के आरोपों से इनकार किया था।





